रीवा। सिविल लाइन पुलिस ने हत्या के प्रयास में गुढ़ थाना के ग्राम पुरास में रहने वाले आरोपियों को मां के साथ गिरफ्तार कर लिया। मां सहित पुत्रों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। आरोपियों ने दो दिन पूर्व 19 जून को पडऱा स्थित मैरिज हाल में पुरास निवासी युवक पर जान लेवा हमला किया था।
पुलिस ने बताया कि दर्ज एफआईआर के अनुसार हत्या के प्रयास में अंबिका प्रसाद दुबे के पुत्र पंकज दुबे, नीरज दुबे और उनकी मां संगीता दुबे को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। आरोपियों ने 19 जून को जेपी मोड़ पडऱा स्थित मैरिज हाल के सामने दीपक तिवारी पुत्र भूमिजा तिवारी पर अपने आधा दर्जन साथियों के साथ मिल कर प्राणघातक हमला किया था। वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए थे। गंभीर हालत में दीपक तिवारी को उपचार के लिए एसजीएमएच ले जाया गया। घटना के संबंध में बताया कि घायल दीपक अपने परिवार संग वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आया था। वहीं आरोपीगण भी निमत्रंण पर आये हुए थे। अपने दुश्मन को देख मौका सुनहरा मानते हुए आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को फोन कर बुला लिया। मैरिज हाल के बाहर खड़ी कार के पहिये की हवा निकाल दी। कार्यक्रम से फुर्सत होकर जब दीपक तिवारी अपने परिवार संग घर चलने के लिए कार तक पहुंचा तो देखा कार के एक टायर की हवा निकली हुई थी। दीपक कार में रखी स्टेपनी को निकाल कर लगाने लगा। उसी दौरान आरोपियों ने लाठी, डंडा एंव चाकू से उस पर प्राणघातक हमला कर दिया था।