रीवा। भारत देश धर्म निरपेक्ष देश है, लेकिन राजनैतिक स्वार्स्थ के लिए आज धर्म और जातीय के नाम पर जिस तरह का जहर देश में बोया जा रहा है ऐसी स्थिति में देश को बचाने के लिए यह लोकसभा का चुनाव काफी महत्वपूर्ण हैं यह बातें मार्क्सवादी कम्युनिष्ट पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सीताराम येंचुरी ने स्थानीय कोठी कम्पाउण्ड स्थित पद्मधर पार्क में एक चुनावी सभा को सम्बोधित करते हुए कही है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से जातीय और धर्म के नाम हमले हो रहे हैं, वह देश के लिए अच्छा नहीं है और इसके लिए राजनैतिक पार्टियां कहीं न कहीं दोषी हैं।
सत्ता पाने के लिए धर्म निरपेक्ष देश को खराब करने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वासुदेव कुटुम्बकम पर लगातार हमला हो रहा है। रीवा से पूर्व सांसद रहे जमुना प्रसाद शास्त्री का उल्लेख करते हुए माकपा के राष्ट्रीय महासचिव ने बताया कि पूर्व सांसद श्री शास्त्री वसुदेव कुटुम्बकम को सदैव लेकर राजनीति किए। लेकिन आज वासुदेव कुटुम्बकम पर जिस तरह से हमला हो रहा है यह महज राजनीतिक स्वार्स्थ है न कि गरीब, शोषित, सामाजिक और देश सेवा की सोच है। उन्होंने स्थानीय स्तर पर सवाल उठाते हुए कहा कि यहां पानी का भण्डार है और जिस बाणसागर डैम को बनाने और पानी का भण्डार करके किसान के एक-एक खेत में पहुंचाने की सोच पूर्व सांसद श्री शास्त्री के द्वारा थी वह पूरी नहीं हो पाई है। आज भी यह परियोजना आधी-अधूरी है। किसानों के खेतों में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। प्रदेश और देश की सरकार के कार्यो को सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि माकपा सदैव मजदूरों, शोषितों और पिछड़े एवं गरीबों की लड़ाई लड़ती रही है। आज भी यह पार्टी अपने सिद्धांत और विचारों के तहत काम कर रही है। पार्टी की सोच है कि जिस दिन हमारे देश के यह शोषित, पीड़ित और गरीब परिवार स्वयं निर्भर होंगे उस दिन देश एक अलग नजर आएगा। इस दौरान माकपा नेता बादर सरोज, गिरिजेश सिंह सेंगर सहित अन्य माकपा नेताओं के साथ-साथ आम जन मानस मौजूद रहा।