आचार संहिता खत्म होते ही जिले की पुलिस सुस्त हो गई। दो माह वारंटियो की धर पकड़ कर आराम फरमाने लगी। जिसका फायदा अपराधी उठाने लगे। उनके हौसले इतने बढ़े हैं कि पुलिस तक का खौफ उनके दिल में नहीं रह गया। पुलिस को चैलेंज करने में अपराधी कोई कोताही नहीं बरत रहे।
ताजुब की बात तो यह है बेखौफ अपराधियों ने शुक्रवार की रात लगभग 10 बजे घर से निकले विवि के रसायन विभाग में पदस्थ लिपिक की हत्या कर लाश थाना के बगल में फेक पुलिस को चुनौती दे गये। विवि थाना क्षेत्र में हुई हत्या की खबर लगते ही शहर की पुलिस में हड़कंप मच गया। शहर के सभी थाना प्रभारियों को घटना स्थल पहुंचने सीएसपी शिवेंद्र सिंह बघेल ने निर्देश दिये। मौके पर पहुंची पुलिस एंव एफएसएल टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाही कर शव को अपने कब्जे में ले लिया। शनिवार को दोपहर विवि थाना से महज चंद मीटर दूर कैलाशपुरी मोड़ स्थित मैदान में झाडिय़ो के पास रामसुमिरन साकेत पुत्र छकौड़ी साकेत 50 वर्ष का शव पाया गया। मृतक अ.प्र.वि.वि. के रसायन विभाग लिपिक पद पर कार्यरत था। प्रथम दृष्टया लिपिक की हत्या होना पाया गया। हत्या किसी कपड़े या रस्सी से गलाघोंट कर की गई। वारदात को अंजाम किसी और स्थान पर दिया और शव थाना के बगल में फेक दिया। शव को कब्जे में कर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों के सुरागरसी में लग गई।
सुबह से पड़ी थी, दोपहर हत्या की हुई जानकारी
लिपिक का शव सुबह से ही विवि कालोनी के समीप मैदान में पड़ा था। वहां से उसका घर कुछ ही दूरी में था, लेकिन कोई यह नहीं समझ पाया कि उसकी हत्या कर शव फेका गया है। शराब पीने का आदी होने के कारण वहां से गुजरने वाले नशे में पड़े होना सोच आगे बढ़ जाते थे। लेकिन जब दोपहर की धूप में भी लिपिक वहीं पड़ा दिखाई दिया तो मोहल्ले वालों ने नजदीक जा कर देखा तो वह मृत अवस्था में मिला। मृतक के नाक और मुंह में खून देख हत्या की आशंका जताई और पुलिस को सूचना दी।
शराब के साथ मिला गुटका
मृतक के पास से पुलिस ने तलासी के दौरान देशी शराब का एक पौवा पाया। इसके साथ ही उसकी जेब में राजश्री गुटका। पुलिस ने विवेचना के दौरान पाया कि मृतक के पैर में दायें पैर का चप्पल बायें पैर में और बायें पैर का चप्पल दायें पैर में था। साथ ही उसके गले में फंदे का निशान पाया। पुलिस ने आशंका जताई है कि लिपिक की हत्या कहीं और कर घर के समीप उसका शव फेक दिया है।
पुत्री का चल रहा इलाज
मृतक के पुत्र ने बताया कि उसकी बहन का उपचार शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। लगभग एक हफ्ते से उसकी बहन प्रियंका 28 वर्ष भर्ती है। जिसकी देखभाल के लिए वह अस्पताल में रहता है। दोपहर जानकारी मिली कि उसके पिता की हत्या कर दी गई और उनकी लाश कालोनी के समीप पड़ी है। पुत्र ने बताया कि उसके पिता शराब पीने के आदी थे, लेकिन किसी से उनकी कोई रंजिस नहीं थी।